कोटा विकास प्राधिकरण में आयुक्त महोदया श्रीमती ममता तिवाड़ी की अध्यक्षता में नियमित जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान शहर एवं प्राधिकरण क्षेत्र से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं परिवाद प्रस्तुत किए, जिन पर आयुक्त महोदया ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान 35 नए प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें पट्टा जारी करने, नामांतरण, पुनर्वास, अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण से संबंधित शिकायतें, कॉलोनियों में सड़क, पानी एवं लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, खाली भूखण्डों की समस्या, सड़क निर्माण तथा आवासीय योजनाओं से जुड़े विभिन्न मामले शामिल रहे। इन प्रकरणों पर आयुक्त महोदया ने संबंधित शाखाओं को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पूर्व जनसुनवाई में दर्ज 30 प्रकरणों, जिनकी सुनवाई हेतु आज की तिथि निर्धारित थी, की भी समीक्षा की गई। इन प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी लेते हुए आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदया ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार समयबद्ध कार्यवाही की जाए।
जनसुनवाई के दौरान प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार चौधरी, उपायुक्त श्री हर्षित वर्मा, समस्त निदेशक, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।