गणतंत्र दिवस पर कोटा में पुलिस अधिकारियों का सम्मान, IG राजेंद्र प्रसाद गोयल ने प्रदान किए DGP डिस्क और सेवा पदक
रिपोर्टर-जसप्रीत सिंह राजस्थान कोटा
कोटा। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन, कोटा शहर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोटा रेंज के महानिरीक्षक पुलिस श्री राजेंद्र प्रसाद गोयल द्वारा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को DGP डिस्क, उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कोटा सिटी श्रीमती तेजस्विनी गौतम, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री सुजीत शंकर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में बारां जिले के पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक अंडासू को DGP डिस्क से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रामानंद यादव (CO अटरु), परशुराम रावल (ASI, जिला बारां) तथा मुकेन्द्र पाल सिंह (हेड कांस्टेबल, जिला बूंदी) को भी DGP डिस्क प्रदान की गई।इस अवसर पर कुल 4 अधिकारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 9 अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। IG श्री गोयल ने सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस बल की मेहनत, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से इसी तरह निष्ठा और ईमानदारी से जनता की सेवा करने का आह्वान किया।इसके साथ ही उम्मेद स्टेडियम, कोटा में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में कोटा पुलिस के लिए सराहनीय डिजिटल सेवाएं प्रदान करने पर श्री मुदित तिवारी को भी महानिरीक्षक पुलिस द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। परेड प्रतियोगिता में जिला पुलिस कोटा सिटी की महिला बटालियन को प्रथम पुरस्कार तथा कोटा सिटी पुलिस द्वारा प्रदर्शित झांकी को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। झांकी में नवीन आपराधिक कानून, ऑपरेशन गरुड़ व्यूह और महिला सुरक्षा के लिए गठित कालिका यूनिट को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।इसके अतिरिक्त “Know Your Police” थीम के अंतर्गत पुलिस की विभिन्न गतिविधियों के दौरान उपयोग में लाई जाने वाली अलग-अलग यूनिफॉर्म्स का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे आमजन को पुलिस की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की बेहतर जानकारी मिल सके।कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के माहौल और उत्साह के साथ हुआ। यह आयोजन पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ आमजन और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।