बरूंधन स्थित श्री गणपति आदर्श टी.टी. कॉलेज में फागोत्सव हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। यह उत्सव भारतीय लोक परंपरा का प्रतीक है, जो होली के रंगों के साथ फाल्गुन माह में वसंत ऋतु के आगमन का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की छवि के समक्ष फूलों की होली खेली गई तथा प्रेम और भक्ति भाव का उत्सव मनाया गया। परिसर में रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा और उल्लासपूर्ण वातावरण ने सभी का मन मोह लिया।
फागोत्सव के अवसर पर नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं तथा मंजीरा और ढोलक जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा। फाग मूल रूप से उत्तर प्रदेश का एक लोकप्रिय लोकगीत है, जिसमें होली के रंग, प्रकृति की सुंदरता और राधा-कृष्ण के प्रेम का सुंदर वर्णन किया जाता है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. कुलबीर कौर ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम हैं। कार्यक्रम में डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, मुरारीलाल गुर्जर, पवन कुमार चित्तौड़ा, हेमराज मीणा, अरशद नूर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन रंग, उमंग और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ।