कोटा: शहर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर बोरखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित ‘कोहिनूर 0007 गैंग’ से जुड़े दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनू उर्फ रोनक मेरोठा और लोकेश मीणा के रूप में हुई है, जिन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 2 देशी कट्टे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इन हथियारों को शहर और ग्रामीण इलाकों के अपराधियों तक सप्लाई करने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियारों की यह खेप मध्यप्रदेश के इंदौर से कोटा लाई गई थी। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी कड़ियां कई राज्यों तक जुड़ी हो सकती हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।