कोटा,सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सीमा राठौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम सेवार्थी शक्ति संगठन की और से एक शिकायत पत्र भेजा गया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि सीमा राठौर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की हैं।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि सीमा राठौर द्वारा प्रधानमंत्री के बारे में अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे न केवल प्रधानमंत्री की छवि को ठेस पहुंची है बल्कि देश की अंतरराष्ट्रीय छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज में गलत संदेश फैलाती हैं।
सेवार्थी शक्ति संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सीमा राठौर के सोशल मीडिया अकाउंट्स को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए भी उचित कदम उठाने की मांग की गई है।
फिलहाल इस मामले में संबंधित इन्फ्लुएंसर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।