मामला कोटा शहर के नयापुरा खाई रोड का जहाँ हाई टेंशन बिजली के तार टूटकर जमीन पर गिर जाने से इलाके में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि टूटे हुए बिजली के तार काफी समय से सड़क और खाली जगह पर पड़े हुए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में बच्चों का आना-जाना लगा रहता है और आसपास से राहगीर भी गुजरते हैं, ऐसे में खुले में पड़े हाई टेंशन तार बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बरसात या नमी के समय करंट फैलने का खतरा और भी बढ़ जाता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसके बावजूद विभाग की ओर से लापरवाही बरती जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी भी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटे हुए हाई टेंशन बिजली के तारों को हटाया जाए या उन्हें सही कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।
निवासियों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से करेंगे।